पानीपत। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिला पुलिस ने शेल्टर होम का दौरा किया और 10 दिन से शेल्टर में रह रही 14 वर्षीय बच्ची से जानकारी जुटाकर उसे उसके परिजनों से मिलवाया। हरियाणा पुलिस ने गुमशुदा, बंधक व शोषित व्यक्तियों, बच्चों को ढूंढकर परिजनों तक पहुंचाकर उनकी मुस्कान लौटाने के लिए एक अप्रैल 2023 से राज्य भर में ऑपरेशन स्माइल अभियान चलाया गया है।
डीएसपी धर्मबीर खर्ब ने बताया कि मिसिंग सेल में तैनात एएसआई हरविंद्र ने टीम के साथ ऊझा रोड पर स्थित शेल्टर होम का दौरा कर वहां रह रहे गुमशुदा बच्चों से बातचीत की तो उनमें से एक 14 वर्षीय किशोरी ने दिल्ली के पश्चिम विहार का पता बताया। पुलिस ने परिजनों के बारे में जानकारी जुटाकर फोन पर संपर्क किया। शुक्रवार को किशोरी की नानी अलपना बेटे हरिओम के साथ पानीपत पहुंची तो पुलिस ने गुमशुदा किशोरी, उसके नाना व मामा को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर काउंसलिंग कराई। इसके बाद किशोरी को उसकी नानी के हवाले किया। किशोरी को सकुशल पाकर नानी व मामा के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। काउंसलिंग के बाद पता चला कि किशोरी की मां का देहांत हो चुका है। 10 दिन पहले किशोरी दिल्ली से बस में बैठकर पानीपत पहुंच गई थी।
उप पुलिस अधीक्षक धर्मबीर खर्ब ने बताया कि मिसिंग सेल की टीम ने अभियान के तहत शुक्रवार को रेलवे रोड पर भीख मांग रहे 10 साल के एक बच्चे को रेस्क्यू किया। टीम ने बच्चे के परिजनों का पता लगाकर परिजनों व बच्चे को बाल कल्याण समिति के सम्मुख पेश कर काउंसलिंग करवाई। परिजनों को बच्चे को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित कर बच्चा परिजनों का सौंप दिया।