अंबाला। विदेश भेजने और वहां पक्का काम (वर्क परमिट) दिलवाने का झांसा देकर लाखों की ठगी हो गई। गरनाला गांव निवासी हरप्रीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पंजोखरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसने अपने दो भांजों, गौरव और साहिल को विदेश भेजने के लिए गांव मंडोर के पास रहने वाले गुरजैंट सिंह से संपर्क किया था। 14 लाख रुपये में जॉर्जिया का 2 साल का वर्क परमिट दिलवाने की बात तय हुई थी। आरोपी ने अगस्त 2025 में दोनों को वाया दुबई जॉर्जिया भेज दिया। जॉर्जिया पहुंचने पर आरोपी गुरजैंट ने उन पर वर्क परमिट के बजाय असाइलम (शरण) की फाइल लगाने का दबाव बनाया। जब युवकों ने मना किया, तो उन्हें मजबूर किया गया। इसी कारण 10 दिसंबर 2025 को जॉर्जिया पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और अगले ही दिन उन्हें वापस भारत डिपोर्ट कर दिया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने ठगी का अहसास होने पर गुरजैंट से अपने 14 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया। उसने न केवल रुपये देने से मना किया, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।