जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजारों व सड़कों पर लोग बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। इसी लापरवाही ने सामूहिक संक्रमण को बढ़ा दिया है। नतीजा वीरवार को जिले में 14 कोरोना के नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इन सभी को सिविल अस्पताल और एनसी मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कर दिया गया है। इनके संपर्क में आने वालों को ट्रेस किया जा रहा है।
अनलॉक होने के बाद जिले में कोरोना के 157 मामले सामने आ चुके हैं। हर रोज औसतन पांच मामले सामने आ रहे हैं। अब तक इनके संपर्क में मिले 55 लोगों के सैंपल लेकर इनको भी क्वारंटीन कर दिया गया है। जिले में अब कोरोना के 220 मामले सामने आ चुके हैं। 133 लोग कोरोना को हराकर घर लौट चुके हैं। जिले में अब कोरोना के 80 केस एक्टिव हो गए हैं। जबकि एक युवती समेत सात लोग अब तक कोरोना से जंग हार चुके हैं। वीरवार को भी पांच लोग कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं।
अनलॉक वन में अब तक आ चुके 157 मामले
अनलॉक-1 में वाहनों की आवाजाही पर रोक हटने के बाद सड़कों पर वाहनों का हुजूम देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में वाहनों के सड़कों पर उतरने से जाम की समस्या खड़ी होने लगी है। दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। कस्बे के बाजारों में रोजाना वाहनों के बेरोकटोक प्रवेश से जाम के हालात बन रहे हैं। वहीं लाल बत्ती चौक, संजय चौक, असंध रोड, रेलवे रोड, असंध नाका पुलिस चौकी के पास भी सुबह से लेकर दोपहर एक बजे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अब जाम हटाने में मशक्कत करनी पड़ रही है। शहर के सभी बाजारों में लोगों की भीड़ जुट रही है। काफी लोग मास्क का प्रयोग भी नहीं कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। जिले में अनलॉक प्रथम में कोरोना के 84 मामले सामने आ चुके हैं। हर जगह जुट रही लोगों की भीड़ के कारण अब सामुहिक संक्रमण का अधिक खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों की माने तो ये स्थिति आने वाले समय में और अधिक गंभीर हो सकती है।
इन स्थानों से हटाई पाबंदी
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों व कोविड-19 कंटेनमेंट प्लान में दिए गए प्रावधानों के तहत जिलाधीश धर्मंद्र सिंह ने गांधी कॉलोनी मॉडल टाउन, पुर्नवास केंद्र गली नंबर-3 शिव नगर, विवर्स कॉलोनी, बरसत रोड गांव ंचंदौली, न्यू दलबीर नगर, गंगा राम कॉलोनी, सब्जी मंडी नई अनाज मंडी समालखा व बापौली जिसको विगत में कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। इन स्थानों से यह पाबंदी हटा ली गई है। अब इन स्थानों पर सभी कार्यों का परिचालन व संचालन शुरू करने की छूट रहेगी।
नए 14 केस आए हैं, 5 लोग कोरोना को हराकर घर लौटे- सीएमओ
संतलाल वर्मा, सीएमओ ने बताया कि वीरवार को जिला में कोरोना के 14 केस पोजिटिव मिले हैं, 5 केस डिस्चार्ज किए गए हैं और 4 केस होम आइसोलेटेड किए गए हैं। इनमे एलडिको की 42 वर्षीय महिला, मॉडल टाउन की 13 वर्षीय किशोरी ,महाराणा का 19 वर्षीय युवक,संगम कॉलोनी की 37 वर्षीय महिला,सेक्टर 12 के 48 वर्षीय महिला,11,21,30 व 29 वर्षीय युवक, भैंसवाल गांव के 25 वर्षीय युवक, अर्जुन नगर की 24 वर्षीय युवती,सिवाह के 30 वर्षीय पुरूष, हथवाला गांव के 32 वर्षीय और सिवाह जेल टाउन के 8 वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके अतिरिक्त स्थानीय सुखदेव नगर के 57 वर्षीय पुरुष,विकास नगर के 23 वर्षीय,समालखा के 21 वर्षीय,कवि के 29 वर्षीय और अशोक नगर के 30 वर्षीय युवक को डिस्चार्ज कर दिया गया है। विकास नगर वधावा राम कॉलोनी के 17 वर्षीय युवक व 61 वर्षीय पुरूष, सुखदेव नगर की 56 वर्षीय महिला और अलुपुर गांव के 36 वर्षीय पुरुष को होम आइसोलेटेड किया गया है। जिला में कोविड-19 के कुल 9161 सैंपल अभी तक लिए गए हैं। जिनमें से 8775 की रिपोर्ट नेगटिव प्राप्त हुई है। वीरवार को भी इनमे से 164 सैंपल भेजे गए हैं। 179 रिपोर्टस का परिणाम अभी प्राप्त नहीं हुआ है। इस तरह पानीपत में अब कुल 80 केस एक्टिव हो गए हैं। 133 केस रिकवर हो चुके हैं।