संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। राक्सेडा गांव में मिठाई की दुकान व घर में घुसकर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने की वारदात में वांछित चल रहे 13वें आरोपी को सीआईए टू पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को मुरथल टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान सोनीपत के पीपली गांव निवासी विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
सीआईए टू प्रभारी सुमित सरोहा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने के बारे में स्वीकारा। पहले गिरफ्तार हो चुके नौ आरोपियों रोहित, गौरव, अनुज, शक्ति, समीर, अनिल, मनीष, राहुल, उत्तम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गंडासी, तीन डंडे व दो बाइक बरामद कर उक्त आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इसके साथ ही मामले में तीन आरोपियों को जांच में शामिल कर गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना समालखा में राक्सेडा गांव निवासी भीम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके दो बेटे है। उनकी गांव में मिठाई की दुकान है। एक साल पहले दुकान पर उसके पोते शिवम के साथ गांव निवासी रोहित की मामूली बात पर हाथापाई हुई थी। जिसकी उन्होंने चौकी में शिकायत दी थी।
गांव के मौजिज व्यक्तियों ने राजीनामा करा दिया था। इसके बाद रोहित उनके परिवार से रंजिश रखने लगा था। 25 जुलाई को शाम करीब आठ बजे उसका पोता शुभम व एक अन्य लड़का दुकान पर बैठे थे। तभी रोहित व अशोक अपने 20-30 अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे व गंडासी से लैस होकर आए और दुकान में घुसकर शुभम को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने दुकान के शीशे व अन्य सामान भी तोड़ दिया। दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी व बाइक को भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर उसके व पत्नी कृष्णा व बेटे मोनू के साथ मारपीट की। गांव के लोगों को आता देख आरोपी हथियारों को लहराते हुए बाइकों पर सवार होकर मौके से भाग गए थे।