पानीपत। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के चलते बुधवार को आयोजित की गई प्रथम रिहर्सल में करीब 137 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए है। इनमें पीठासीन और वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी शामिल हैं। अब इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिला उपायुक्त ने लिस्ट तलब कर ली है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रथम अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरवार प्रात: 10:00 बजे तक संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में अपने अनुपस्थित रहने के कारण को बताकर अपनी हाजिरी लगवाने के भी निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त ने कहा कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। इसके लिए उनको नोटिस तक जारी कर दिया गया है।
बॉक्स
सतर्कता से चुनावी ड्यूटी निभाएं पोलिंग पार्टी : सुशील सारवान
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पंचायती राज संस्थाओं के तहत कराए जा रहे जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और पंच के चुनाव को लेकर बुधवार को उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने कन्या वैश्य कालेज समालखा में पीआरओ, एपीओ और पीओ की रिहर्सल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों से कहा कि चुनावी में अपनी ड्यूटी सतर्कतापूर्वक निभाएं। इन चुनावों को सफलता पूर्वक कराना हम सबकी जिम्मदारी बनती है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने कहा कि चुनाव छोटा हो या बड़ा हम सभी के लिए बड़ी अहमियत रखता है। चुनाव के दौरान सभी मतदाताओं से प्रेमपूर्वक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि चुनाव वाले दिन विशेष तौर पर समय का ध्यान रखें।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने ईवीएम के बारे में और उसके महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव वाले दिन सभी पोलिंग पार्टी के सदस्य समय पर केंद्र में पहुंच जाएंगे और अपनी डयूटी को शिद्दतपूर्व निभाएंगे। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी अमित कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पूनम चंदा, तहसीलदार सुमन लता और खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सहरावत आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और पंच के होने वाले चुनाव को लेकर नियुक्त की गई पोलिंग पार्टी के अधिकारियों की रिहर्सल आयोजित की गई। इसमें पहुंचे उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने अफसरों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कि ईवीएम के संबंध में जरूरी जानकारी को गंभीरता से जानें। इस मौक पर जिला परिषद के सीईओ विवेक चौधरी, रिटर्निंग आफिसर राजेश सोनी, बीडीपीओ रितु लाठर, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बृज मोहन गुप्ता आदि मौजूद रहे।