कोयले में आग लगने से सरकार को लाखों का नुकसान
थर्मल। पानीपत थर्मल पावर स्टेशन में रेलवे लाइन के करीब कोयले के ढ़ेर लगे हुए हैं। जिनमें पिछले कई दिनों से आग लगने के कारण लाखों का कोयला खाक हो चुका है। ऑल हरियाणा बिजली बोर्ड कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष जयबीरमान ने थर्मल प्रशासन पर आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण लाखों का नुकसान सरकार को हो चुका है और अभी भी हो रहा है। जिस कंपनी को थर्मल प्रशासन ने कोयले पर पानी डालने का काम दिया हुआ है वो लगातार पानी नहीं मार रही। इसी कारण लाखों टन कोयला तो राख हो चुका है।
रेल को भी खतरा:
जिस स्थान पर कोयले के ढ़ेर में आग लगी है वहीं पर रेलवे का काम चल रहा है। आग रेल पटरी के किनारे घास-फुस तक पहुंच जाती है। एक रेलकर्मी ने बताया कि आग के कारण नुकसान हो सकता है। इस लाईन पर तेल से भरी गाड़िया चलती है। इससे बड़ा नुकसान भी हो सकता है।
इस बारे में थर्मल के चीफ इंजीनियर सतीश कुमार वधवा ने बताया कि कोयले में गर्मी के मौसम में आग लगना एक आम बात है। सूचना मिलते ही उन्होनें संबधिंत अधिकारी को मौके पर भेज दिया था।