पानीपत। सीटीएम डॉ. संजय कुमार ने गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव के समापन पर 12 नवंबर को जगाधरी में होने वाले समारोह को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और उनको आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीटीएम डॉ. संजय कुमार ने कहा कि महान संतों, गुरुओं और रणबांकुरों के आदर्शों के प्रति भावी पीढ़ी में जागृति पैदा करने के मूल उद्देश्य से दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह का 350वां प्रकाशोत्सव समस्त राज्य में बड़ी विनम्रता से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने समस्त मानव जाति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्य न्यौछावर कर दिया। इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक प्रचार करवाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं ताकि इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले सके। उन्होंने कहा कि प्रचार वैन शहर के मुख्य मार्गों के अलावा जिला के सभी विकास खंडों व रूट चार्ट के अनुसार गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार कर रही है। इसके अलावा समारोह से संबंधित प्रचार सामग्री लगा दी गई है।