करनाल। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण शुरू कर दिया गया है। विद्यार्थियों को टैबलेट देने से पहले उसका डाटा री-सेट किया जाएगा। टैबलेट वितरण से पहले शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार अवसर पोर्टल पर विद्यार्थी के एसआरएन के साथ मैप किए गए टैबलेट का डाटा तब तक रीसेट नहीं किया जाएगा, जब तक कि विद्यार्थी टैबलेट व सिम स्कूल में जमा नहीं करवाता।
राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों की शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए उन्हें टैबलेट वापस किए जाएंगे। विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 11वीं से पास होकर 12वीं में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर स्कूल में उपलब्ध स्टॉक से टैबलेट वितरित किए जाएंगे। जबकि कक्षा 11वीं में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों को पहले स्कूल की ओर से दिए गए टैबलेट इस्तेमाल करने होंगे।
विभाग की ओर से जारी पत्र अनुसार यदि किसी विद्यार्थी का टैबलेट खो जाता है तो उसे स्कूल प्राचार्य के पास एफआईआर की कॉपी जमा करवानी होगी, जिसकी जानकारी स्कूल प्रमुख को अवसर पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। ऐसी स्थिति में पोर्टल पर विद्यार्थी के एसआरएन के साथ मैप हुए टैबलेट के डाटा को रीसेट नहीं किया जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी टैबलेट जमा करने स्कूल नहीं आता है तो इस स्थिति में टैबलेट का डाटा रीसेट नहीं किया जाएगा।
ई-अधिगम के तहत नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 12 के विद्यार्थियों से परीक्षा समाप्त होने पर टैबलेट वापस जमा करवा लिए गए थे, जिन्हें नए सत्र से प्राथमिकता के आधार पर विद्यार्थियों को वितरित किए जाएंगे। निदेशालय से जारी निर्देशानुसार यदि कोई विद्यार्थी टैबलेट व सिम स्कूल में जमा नहीं करवाता है तो उसका डाटा री-सेट नहीं किया जाएगा।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ (डीएसएस), पानीपत।