शादीशुदा व्यक्ति के साथ फोटो खींच छात्रा से ऐंठे सवा दो लाख
ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में पीड़िता के चाचा के साले की लड़की और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
थर्मल। क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा को एक शादीशुदा पुरुष के साथ खाना खाते हुए की तस्वीर इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर आरोपियों ने उससे दो लाख 20 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों की मांग व ब्लैकमेलिंग को बढ़ता देख, छात्रा ने उसके परिवार वालों को बात बताई। इसके बाद परिजन इस संबंध में पीड़िता के चाचा के साले की लड़की और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह सात माह पहले सहेलियों के साथ एक दुकान पर नान खा रही थी। उसी दौरान वहां उसके मामा की लड़की निधि निवासी उझा रोड और उसका पति हैप्पी निवासी बैबल भी आ गए। इसी दौरान निधि ने उसे हैप्पी के पास खड़ा किया व उनकी फोटो खींच ली। उसके बाद से ही दोनों पति-पत्नी फोन कर फोटो को इंटरनेट पर डालने की धमकी देने लगे। इसकी एवज में आरोपियों ने छात्रा से रुपयों की मांग की। आरोपी दंपति ने 50 हजार, 40 हजार कर कई बारी में उससे 2 लाख 20 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बावजूद आरोपियों ने छात्रा को ब्लैकमेल करना जारी रखा। इसके चलते आरोपियों ने छात्रा से एक लाख रुपये और देने की बात कही। छात्रा ने आरोपियों से परेशान होकर मामले की जानकारी परिवार के साथ साझा की। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत थर्मल पुलिस चौकी में दी। जांच अधिकारी एसआई रमेश कुमार ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर थर्मल पुलिस ने हैप्पी निवासी बैबल और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।