फोटो संख्या : 39 से 42 तक
ट्रांसफार्मर के चारों ओर जमा बरसाती पानी, कॉलोनी की बिजली गुल
चाह कर भी नहीं मांग सकते बिजली, आई तो हो सकता है बड़ा हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शास्त्री नगर कॉलोनी में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के चारों ओर पानी जमा हो गया है। इस कारण कई कॉलोनियों में बिजली बाधित है। अगर सप्लाई चालू होती है तो जमा पानी में करंट आने से बड़ा हादसा होने का खतरा है। कॉलोनी वासी चाह कर भी बिजली की मांग नहीं कर सकते। इसलिए कॉलोनी के लोगों को अंधकार में ही जीवन व्यतीत करना पड़ेगा। मानसून के समय तो बिजली की किल्लत बहुत ज्यादा हो जाती है। 10-10 दिन तक बिजली के बिना रहना पड़ जाता है।
अमर उजाला लगातार जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों के मुद्दे को उठा रहा है। बिजली विभाग लगातार इस मुद्दे से बचते नजर आ रहा है। उल्लेखनीय है कि विभाग के खुद के नियम कहते हैं कि ट्रांसफार्मर जमीन से कम से कम सात फीट ऊंचे होने चाहिए। जबकि विभाग इसमें कुछ कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है। विभाग ने 15 दिन पहले एक ट्रांसफार्मर के चारों ओर प्लास्टिक की ग्रिल लगाई है। इसके बाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रायल के लिए लगाई गई है। यदि ग्रिल कामयाब रहती है तो और जगहों पर भी ग्रिल लगाई जाएगी। किंतु शहर में सभी जगह ग्रिल लगाना कारगर सिद्ध नहीं होगा। शहर में बहुत जगह ऐसी है, जहां पर ट्रांसफार्मर के चारों ओर पानी जमा हो जाता है। उन जगहों पर ट्रांसफार्मरों को ऊंचा उठाना ही समस्या का सही समाधान हो सकता है। समस्या का समाधान न होने पर कॉलोनी वासियों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की।
पानी में करंट आने का डर बना रहता है
बारिश के समय में चौक पर पानी इकट्ठा हो जाता है। ट्रांसफार्मर भी चौक पर ही रखा है। इस कारण पानी में करंट आने का भय रहता है।
-अशोक, दुकानदार
पहले भी हो चुका है हादसा
प्रशासन की लापरवाही के कारण पहले भी कॉलोनी में हादसा हो चुका है। इसमें कई बेजुबान जानवरों की मौत हो चुकी है।
-रामबिलास, कॉलोनीवासी
कॉलोनी में बस एक ही ट्रांसफार्मर है काफी
शास्त्री नगर व खटीक बस्ती में एक ही ट्रांसफार्मर काफी है। लेकिन विभाग ने उस जगह पर चार ट्रांसफार्मर रख रखे हैं। बाकी ट्रांसफार्मरों को कहीं और शिफ्ट कर देना चाहिए।
-मामन चंद, कॉलोनी निवासी