पानीपत में किसानों की सरसों की फसल की खरीद होगी : डीसी
-पानीपत के किसानों को अपनी गेहूं की फसल ब्रिकी के लिए करनाल के कस्बे घरौंडा मंडी में ले जानी होगी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। डीसी सुमेधा कटारिया ने बताया कि हरियाणा सरकार ने किसानों की सरसों की फसल की खरीद के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। अब पानीपत जिला के किसानों को अपनी सरसों की फसल बेचने का इंतजार नहीं करना होगा। जिला के किसानों की सरसों की फसल की खरीद हैफेड की दी घरौंडा कॉपरेटिव मार्किटिंग सोसाइटी द्वारा घरौंडा अनाज मंडी में की जाएगी। मंगलवार को उपायुक्त ने बताया कि इस मंडी में पानीपत जिले के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लाकों के किसानों की सरसों की फसल की खरीद की जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत सप्ताह के सनौली ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवों की खरीद सोमवार को, पानीपत ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवों की मंगलवार को, समालखा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवों की बुधवार को, इसराना ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवों की वीरवार को, मडलौडा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवों की शुक्रवार को, बापौली ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांवो की शनिवार को की जाएगी। किसान अपने साथ आधारकार्ड, राशनकार्ड, वोटकार्ड, किसान का पासपोर्ट साईज फोटो, बैंक के खाते की फोटो कॉपी, फसल की गिरदावरी व जमीन की फर्द पटवारी/तहसीलदार से सत्यापित फोटो कॉपी लेकर आए। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने पानीपत के किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी सरसों की उपज साफ-सुथरी व नमी रहित फसल को ही मंडी में लाएं ताकि किसानों को अपनी फसल का उचित भाव मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की सरसों की फसल को, सरकारी रेट 3900/-रूपये प्रति क्विंटल के साथ-साथ 100 रूपये प्रति क्विंटल बोनस सहित कुल 4000/- प्रति क्विंटल के हिसाब से सरसों की फसल की खरीदी की जाएगी।