आर्य गर्ल्स स्कूल चौथे दिन खुला, आज फिर बच्ची की काउंसिलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद सोमवार को चार दिन बाद खुल गया। स्कूल में पढ़ाई सामान्य ढंग से होने का दावा किया। वहीं छात्राएं अचानक की गई छुट्टी के कारणों को जानने का प्रयास करती रहीं। अब पुलिस छात्रा की मंगलवार को फिर पीजीआई रोहतक में काउंसिलिंग कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने मामले का जल्द ही खुलासा करने का दावा किया है।
आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल सोमवार सुबह निर्धारित समय पर खुला। स्कूल में प्रार्थना सभा के बाद सभी कक्षाओं में सामान्य रूप से पढ़ाई चली। बताया जा रहा है कि आधी छुट्टी के दौरान कुछ छात्राएं अचानक छुट्टी करने के कारणों पर चर्चाएं करती रहीं। वहीं स्टाफ ने भी पूरे मामले की जानकारी ली। विदित है कि आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा की एक छात्रा ने वीरवार को अपने परिजनों को स्कूल में आधी छुट्टी के दौरान पीली टीशर्ट पहले एक व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ करने और प्रशासनिक भवन के पीछे ले जाने की बात कही थी। छात्रा ने बताया था कि वह उसके हाथ को काटकर बचकर निकल आई। अभिभावकों ने वीरवार देर शाम सात बजे स्कूल प्रबंधन को पूरे मामले की जानकारी दी। प्रबंधन तुरंत स्कूल में पहुंच गई और पैरेंट्स व बच्ची से पूरे मामले की जानकारी ली।
वर्जन
स्कूल में सोमवार को पढ़ाई नियमित रूप से शुरू करा दी गई है। स्कूल प्रबंधन छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में अभिभावकों व पुलिस के साथ है।
सुरेंद्र सिंगला, चेयरमैन, आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल पानीपत।
वर्जन
पुलिस तीसरी कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले की जांच कर रही है। बच्ची को मंगलवार को फिर से पीजीआई रोहतक में काउंसलिंग के लिए ले जाया जाएगा। पुलिस विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।