लोगों ने सर्वे टीम पर रुपये लेने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गांधी कॉलोनी में लोगों ने सर्वे करने वाली टीम पर रुपये लेने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि टीम के सदस्य नक्शे बनवाने के नाम पर उनसे रुपये की मांग कर रहे थे और कइयों ने उनको पैसे भी दे दिए। सूचना मिलने पर नपा सचिव राकेश कादियान मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर में सर्वे कर वेरिफिकेशन का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को गांधी कॉलोनी में यासी कन्सलटेंसी की सर्वेयर टीम द्वारा सर्वे किया जा रहा था। इस दौरान वहां के कुछ लोगों ने सर्वेयर टीम पर उनसे नक्शे और फार्म अपलोड करवाने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। लोगों ने बताया कि उनसे इसके एवज में 1200 से दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वे टीम को एक पार्षद द्वारा नक्शे के नाम पर पैसे लेने की सहमति दी गई थी। समाजसेवी सुधीर लिंकन ने बताया कि लोगों से इसकी सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और मीडिया तथा नपा सचिव को इससे अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दूसरी सर्वे टीम पर ऐसे आरोप लगे थे। ग्रामीण ओमप्रकाश, बीरमती, शांति से दो-दो हजार रुपये, किताबो से एक हजार रुपये और दीपक, ब्रिहमा पंडित से बारह सौ रुपये लिए गए हैं।
इस बारे नपा सचिव राकेश कादियान का कहना है कि अभी सिर्फ वेरिफिकेशन का काम किया जा रहा है। नक्शे की कोई जरूरत नहीं है। इसके बावजूद भी कोई नक्शे या फार्म लोड के लिए पैसे की मांग करता है तो उन्हें शिकायत दें।
कई बार लग चुके हैं आरोप
एक कन्सलटेंसी के द्वारा नियुक्त सर्वे टीमों पर पहले भी कई बार आरोप लग चुके हैं। करीब छह महीने पहले एक दूसरी टीम पर वसूली के आरोप लगे थे जिसके बाद उस टीम को हटा दिया गया था। लेकिन अब फिर से आरोप लगने पर सर्वे में ईमानदारी बरते जाने पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के लिए गांधी कॉलोनी में पहुंची थी टीम
फोटो-3