शहर में डेंगू का दस्तक, स्वास्थ्य विभाग बना हुआ है अनजान
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर समेत जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। प्राइवेट अस्पतालों में हर तीसरी रिपोर्ट में मरीज डेंगू पॉजिटिव आ रहा है। कई अस्पताल संचालक तो डेढ़ से दो दर्जन मरीजों का इलाज भी कर चुके हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग को डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी के धीरे-धीरे फैलने की जानकारी तक नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते लोगों की चिंता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि सिविल अस्पताल में इस तरह का कोई मरीज नहीं आया है और न ही प्राइवेेट अस्पतालों से किसी तरह की रिपोर्ट मिली है।
मौसम बदल गया है। अब दिन के समय गर्मी व रात के समय सर्दी होने लगी है। इन सबके साथ मौसमी बीमारियों ने भी पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। इन मौसमी बीमारियों में डेंगू का डंक लोगों को लगने लगा है। शहर के हर प्राइवेट अस्पताल में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं।
किसी अस्पताल में 25 तो किसी में 15 मरीज
एक रिपोर्ट के अनुसार स्काईलार्क रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में अब तक डेंगू के 25 मरीज आ चुके हैं। अस्पताल का यह 15 दिन का आंकड़ा है। वहीं देवी मंदिर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में चार मरीज उपचाराधीन हैं और एक मरीज को दाखिल कराया गया है। मॉडल टाउन स्थित एक अन्य प्राइवेट अस्पताल में डेंगू के दो पॉजीटिव मरीज आए हैं। इस अस्पताल में वायरल फीवर के हर रोज दर्जनों मरीज आ रहे हैं।
अस्पताल में आते ही सीधे जांच करा दी जाती है
मौसमी बीमारी से ग्रस्त मरीजों को अस्पताल में आते ही सीधे जांच के लिए लैब में भेज दिया जाता है। कई अस्पतालों में ब्लड सैंपल जांच की फीस काफी महंगी है। एक मरीज ने बताया कि अलग-अलग जांच की अलग-अलग फीस ली जाती है। जिसके चलते उनकी जेब तक खाली हो जाती है। वहीं सिविल अस्पताल में जांच के लिए पांच रुपये की एक पर्ची कटवाई जाती है। सिविल अस्पताल की लैब में इस तरह की बीमारी से संबंधित जांच के अपेक्षाकृत कम ही मरीज आ रहे हैं, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में इनकी संख्या कई गुना अधिक है।
सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल की चेतावनी पर चिंतित
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के बैनर तले सरकारी डॉक्टरों द्वारा हड़ताल की चेतावनी दी गई है। डॉक्टरों ने बुधवार को अस्पतालों में केवल इमरजेंसी ड्यूटी की देने का फैसला लिया है। डॉक्टर सोमवार को दो घंटे पेन डाउन हड़ताल कर चुके हैं। हालांकि प्रदेश स्तर पर डॉक्टरों के साथ सरकार की मीटिंग चली हुई है। इन सबके बीच सरकारी अस्पतालों में आने वाले डॉक्टर काफी चिंतित हैं।
सभी अस्पताल संचालक डॉक्टरों व विशेषज्ञों की पिछले दिनों बैठक ली थी। जिसमें किसी तरह की मौसमी बीमारी के मरीज आने पर विभाग में तुरंत सूचना देने की हिदायत दी थी। सिविल अस्पताल में डेंगू या इस तरह की दूसरी बीमारी का मरीज नहीं आया है और न ही स्वास्थ्य विभाग के पास किसी प्राइवेट अस्पताल से कोई रिपोर्ट मिली है। ऐसा कुछ है तो विभागीय टीम संबंधित अस्पतालों में मौका देखेगी।
डॉ. संतलाल वर्मा, सीएमओ, पानीपत।