माकपा ने फूंका सरकार का पुतला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी जिला सांगठनिक कमेटी ने भाजपा नेतृत्व वाली मोदी-खट्टर सरकार की जन विरोधी व देश को विदेशी कंपनियों का आर्थिक गुलाम बनाने वाली नई आर्थिक नीतियों और धर्म-जाति व क्षेत्रवाद के नाम पर देश की एकता तोड़ने वाली साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पानीपत लालबत्ती चौक पर सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी जिला सचिव सुनील दत्त, जिला कमेटी सदस्य आनंद ज्वाहारा, राजेन्द्र, ओमपाल, गोयला खुर्द पार्टी ब्रांच सचिव धर्म सिंह फौजी, ब्रांच सचिव रोहिला, जाटल रोड पानीपत ब्रांच सचिव नवीन सपड़ा, दयानंद, सीटू नेता गुलाम व जय भगवान ने किया।
पार्टी सचिव सुनील दत्त ने कहा कि देश की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार मोदी के मुखौटे के साथ नारा दे रही है सबका विकास, सबका साथ। लेकिन कार्य बिलकुल इसके विपरीत हो रहे हैं। सबका विनाश और हम नहीं लेंगे किसी का साथ। मोदी सरकार ने सत्ता पर आने के बाद दो बड़े निर्णय लिए पहले नोट बंदी और फिर उसके जीएसटी। इन दोनों निर्णयों ने देश के कृषि और उद्योग दोनों को उजाड़ कर रख दिया। सरकार के समय काल में लगभग चार हजार किसानों ने कृषि संकट के चलते आत्महत्या कर चुके हैं। नोटबंदी व जीएसटी का बड़ा असर देश के औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ा। लघु उद्योग, दुकानदार, छोटे व्यापारी बर्बादी की तरफ हैं। महंगाई आसमान छू रही है, भ्रष्टाचार व आतंकवाद घटने की बजाए बढ़ा है। अल्पसंख्यकों, महिलाओं व दलितों पर तेजी से हमले बढ़े हैं।