जाट आरक्षण की आग पानीपत में भी भड़क गई। सनौली रोड भीम गोड़ा चौक पर एक होंडा सिटी कार में आग लगा दी।
बताया जा रहा है कि कुछ शरारती तत्व दुकानों में तोड़फोड़ की नीयत से आए थे और स्थानीय लोगों ने उनकी गाड़ी में आग लगा दी।
वहीं सेक्टर-11-12 स्थित प्राइम एंजल माल के नजदीक मार्केट में पिज्जा हट की खड़ी 12-13 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया।
इसराना पैक्स को भी लोगों ने आग के हवाले कर दिया। शिव चौक पर भी हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि प्रशासन व पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।
उधर जीटी रोड पर भी लगातार दूसरे दिन प्रदर्शनकारी जाम लगाए बैठे रहे। पुलिस व सेना बीच में, महिलाओं ने प्रदर्शन की कमान संभाली प्रदर्शन स्थल पर अब पुरुषों से महिलाएं आगे आ गई हैं।
सिवाह गांव में ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए पुलिस और सेना को करीब पांच सौ मीटर पीछे हटना पड़ा। ग्रामीण आंदोलन स्थल से करीब पचास मीटर आगे डटकर खड़े हो गए।
जीटी रोड पर नांगल खेड़ी व गांजबड़ में भी ग्रामीण जाम लगाए बैठे रहे। पूरे आंदोलन की अगुवाई महिलाओं ने शुरू कर दी है। पुलिस व सेना भी लगातार मोर्चा संभाले हुए है।
जीटी रोड के जाम का खतरा अब शहर व बाजारों में मंडराने लगा है। वहीं पुलिस व सेना ने फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षित होने का विश्वास दिलाया।
सिवाह गांव में जीटी रोड पर लगा जाम रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह सूरज निकलते ही सिवाह गांव में जाम स्थल पर महिला व पुरुषों की संख्या बढ़ने लगी और दोपहर तक सिवाह गांव में सैकड़ों लोग एकजुट हो गए।
पुलिस व सेना ने ग्रामीणों से कुछ दूरी बनाए रखने का फैसला लिया और करीब सात सौ मीटर पीछे डेरा डालकर बैठ गई। वहीं जीटी रोड पर नांगल खेड़ी गांव के पास ग्रामीणों ने एलीवेटिड हाईवे व जीटी रोड पर जाम लगा दिया। उधर जीटी रोड गांजबड़ गांव के पास ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
देर शाम को सिवाह गांव से ग्रामीणों ने हटना शुरू किया। लेकिन जीटी रोड से पूरी तरह से हटने को तैयार नहीं है।
टोल प्लाजा पर वाहनों का जमावड़ा जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास वाहनों का जमावड़ा लग गया है। जीटी रोड टोल प्लाजा से लेकर बाबरपुर मंडी तक वाहनों की दोनों लेन में लंबी कतार लगी हुई है। लोगों को आगे जाने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है। वहीं उत्तरी हरियाणा से लेकर पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश व जम्मू एवं कश्मीर के लोग फंस गए हैं।
इसराना में पैक्स को फूंका, टोल प्लाजा उखाड़ ले गए
इसराना। कुछ उत्पाती युवाओं इसराना में थाना के नजदीक पैक्स को आग के हवाले कर दिया। सुबह तक रिकार्ड व फर्नीचर में धुआं उठाता रहा।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने शनिवार देर रात को पैक्स कार्यालय में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पहुंचे लोगों ने आग पर काबू पाया और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। रिकार्ड रूम व फर्नीचर में सुबह तक धुआं उठता रहा।
डाहर टोल में दूसरे दिन की तोड़फोड़, सामान उठा ले गए
पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे-नंबर-71-ए पर डाहर गांव स्थित टोल प्लाजा में दूसरे दिन भी तोड़फोड़ कर दी और शरारती तत्व टोल का सामान उठा ले गए।
उत्पादी युवाओं के चलते टोल प्रबंधन व कर्मी सुरक्षित स्थानों पर चले गए। टोल पर दूसरे दिन तोडफ़ोड़ करने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सनौली रोड पर दुकानदारों ने होंडा सिटी गाड़ी में लगाई आग
सनौली रोड भीम गोड़ा मंदिर के नजदीक एक होंडा सिटी गाड़ी में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि कुछ उत्पाती युवक गाड़ी में आए थे और दुकानों में तोडफ़ोड़ करने लगे।
दुकानदार एकजुट होकर आगे आ गए और उनको सामना किया। इसी समय गाड़ी में सवार युवक फरार हो गए। लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और फिर आग के हवाले कर दिया। गाड़ी कुछ ही देर में जलकर खाक हो गई।
सेक्टर-11-12 में पिज्जा हट की मोटरसाइकिलें फूंकी
सेक्टर-11-12 स्थित एक पिज्जा हट की 12-13 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि बाइक पर कुछ शरारती तत्व मोटरसाइकिलों पर आए और नारे लगाते हुए मोटरसाइकिलों में घुस गए।
उत्पातियों ने मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। प्रशासन व पुलिस बल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा और उत्पातियों की धरपकड़ शुरू की। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कर्मियों ने आग पर काबू पाया। मोटरसाइकिलों में आगजनी के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और सेक्टर के लोग घरों में दुबक गए। बताया जा रहा है कि कुछ युवा मोटरसाइकिलों पर आए और उनके हाथ में हथियार थे। जिसके चलते लोग आगे बढ़ने का साहस नहीं जुटा सके।
शिव चौक पर फायरिंग से दहले लोग
सनौली रोड शिव चौक पर भी कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। जिससे दहशत मच गई। लोग दुकानों व बाजारों से घरों में दुबक गए। बताया जा रहा है कि यहां भी मोटरसाइकिलों पर युवा पहुंचे। उनमें से एक युवक ने फायर कर दिया। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची, लेकिन प्रशासन व पुलिस द्वारा किसी तरह की पुष्टि नहीं की जा रही है।
उत्पाती 10 बाइकों पर सवार होकर घुसे थे शहर
शहर में उत्पात मचाने वाले आठ से दस बाइकों पर सवार थे। इनमें से किसी पर दो तो किसी पर तीन युवक सवार थे। वे सब बस स्टैंड सुखदेव नगर से शहर में दाखिल हुए और हल्ला मचाते ही बाजार में घुस गए। इंसार बाजार से होकर मैन बाजार व फिर वहां से सनौली रोड पर निकल गए। इसके बाद सेक्टर-11-12 से हंगामा करते हुए आगे निकल गए। बताया जा रहा है कि तीन युवकों को पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।