90 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का मतदान केंद्र पर होगा स्वागत
पानीपत। पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र में आगामी लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करवाना सुनिश्चित करने के लिए लघु सचिवालय में चुनावों से संबंधित सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सुपरवाइजर व बीएलओज की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र पानीपत शहरी की एआरओ एवं एडीसी प्रीति ने की। पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र के बारे में नायब तहसीलदार व एईआरओ कृष्ण कुमार, पीओ अजय कुमार, कानूनगो पूजा व महेंद्र कुमार ने बैठक में विचार रखे। इन चुनावों में आदर्श व पिंक मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे तथा 90 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का विशेष स्वागत मतदान के दिन किया जाएगा। एडीसी एवं एआरओ प्रीति ने कहा कि सुपरवाइजर व बीएलओ चुनाव प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और उन्हें ये कहते हुए हर्ष का अनुभव होता है कि इन दोनों पदों पर अधिकतर अध्यापक कार्यरत हैं। अध्यापक जहां बच्चों के माध्यम से देश का भविष्य उज्ज्वल करता है वहीं चुनाव प्रक्रिया में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर देश के भविष्य को भी सुनिश्चित करता है।