विज ने माफ किया, पुलिस ने रिमांड लिया
पानीपत में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कार पर हमले का मामला
प्रदेश सरकार ने पानीपत प्रशासन से रिपोर्ट तलब की
सीएम, सीएस, डीजीपी ने विज, विधायक महिपाल और रविंद्र से मोबाइल फोन पर वार्ता की
मयंक तिवारी
पानीपत। लघु सचिवालय के बाहर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कार के चालक पर हमले के मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ढेसी और पुलिस महानिदेशक ने पानीपत की उपायुक्त सुमेधा कटारिया व जिला पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा से रिपोर्ट तलब की है। इधर, मुख्यमंत्री ने अनिल विज, विधायक महिपाल ढांडा और रविंद्र मछरौली के अलावा भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रमोद विज से फोन पर बातचीत भी की है। दूसरी ओर पुलिस ने अनिल विज पर हमला करने के दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया है।
मंत्री अनिल विज ने शनिवार को दोनों आरोपी दीपक और उसके मौसेरा भाई अमित उर्फ भोकर पुत्र धर्म सिंह निवासी शांति नगर को माफ कर दिया है। उन्हें दोनों से कोई गिला शिकवा नहीं है। अगर पुलिस दोनों पर कोई कार्रवाई ना करे तो उन्हें इससे कोई ऐतराज नहीं है। उधर, पुलिस के उच्चाधिकारी मामले में विभागीय जांच कर रहे हैं। विदित हो कि शुक्रवार को कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे अनिल विज की गाड़ी पर लघु सचिवालय के वीआईपी गेट पर दो युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में मंत्री विज बाल बाल बच गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था।
----
मामले की कानूनी पहलुओं से जांच की जा रही है। मंत्री के बयान के बाद आरोपियों पर लगने वाली धारा से राहत दी जाएगी। मामले में जो भी धारा मंत्री से संबंधित होंगी, उन्हें हटा दिया जाएगा।
- बीएस संधु, डीजीपी हरियाणा