अंसलवासियों व कंपनी के बीच तीनों मुद्दों पर बनी सहमति, आज से होगा सड़क निर्माण्
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अंसल सुशांत सिटी स्थित शिवम रेजिडेंस वेलफेयर और कंपनी के प्रोजेक्ट हेड समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में सड़क बनाने समेत तीनों मुद्दों पर सहमति बन गई है। कंपनी अधिकारियों ने शनिवार से सड़क बनाने का काम शुरू करने और दिसंबर माह के आखिरी दिन कम्यूनिटी सेंटर तैयार करने का भरोसा दिया है।
शिवम रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन और कंपनी अधिकारियों के साथ शुक्रवार को अंसल स्थित कार्यालय में बैठक हुई। जिसमें कंपनी प्रोजेक्ट हेड, स्थानीय महाप्रबंधक डीपी डागर व सेल्स जीएम तेजेंद्र सिंह रहे। एसोसिएशन की तरफ से अगुवाई प्रधान रमेश मलिक ने की। अधिकारियों व एसोसिएशन के बीच तीन मुख्य मुद्दों पर करीब एक घंटे तक बैठक चली। इस मौके पर जयपाल सरोहा, मास्टर ओमप्रकाश मलिक, शिवराज गोयल, सीताराम शर्मा, अशोक सिंगला, विक्रम सहरावत, जगबीर राणा, राजेश जागलान, जगजीत मान, मा. दरियाव सिंह मौजूद रहे।
इन तीन मुद्दों पर ये जवाब मिले
रमेश मलिक ने बताया कि अंसल में सड़कों की हालत खस्ता है। कंपनी सड़क बनाने की तरफ ध्यान नहीं दे रही। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बनाने का काम एक माह से बंद है। स्थानीय निवासी अपनी मांगों को लेकर धरना भी दे चुके हैं। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि सड़कों का शनिवार को काम शुरू कर दिया जाएगा। हर रोज तीन से चार सौ मीटर सड़क बनाई जाएगी। शपथ पत्र अनुसार 70 से 80 प्रतिशत काम एक बार में पूरा कर लिया जाएगा। बाकी काम को भी जल्द ही पूरा किया जाएगा।
कम्यूनिटी सेंटर का 30 तक निर्माण पूरा
प्रधान रमेश मलिक ने बताया कि कंपनी द्वारा प्रारंभ में कम्यूनिटी सेंटर की सुविधा देने का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक कम्यूनिटी सेंटर नहीं बन पाया है। ऐसे में स्थानीय निवासियों को अपने कार्यक्रम गार्डनों में करने पड़ते हैं। जिससे समय व अधिकारियों ने बताया कि कम्यूनिटी की 30 दिसंबर को लेंटर लगा दिया जाएगा। इसकी अगली स्टेज का काम नए साल में पूरा कर दिया जाएगा।
33 केवीए सब स्टेशन साधी चुप्पी
प्रधान रमेश मलिक ने बताया कि कंपनी ने 33केवी का सब स्टेशन बनाने का दावा किया था, लेकिन आज तक सब स्टेशन नहीं लग पाया है। कंपनी भी इसमें सहयोग नहीं कर रही। कंपनी अधिकारियों ने इस पर काम करने का भरोसा दिया।