संजोली ने जेईई एडवांस में 260 रैंक के साथ किया जिला टॉप
फोटो-1
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जेईई एडवांस में डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल की छात्रा संजोनी ने 260 रैंक प्राप्त कर जिले भर में टॉप किया है। छात्रा ने 12वीं नॉन मेडिकल में भी 97.4 प्रतिशत प्राप्त किए हैं। संजोली की इस सफलता पर उसको बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
जेईई एडवांस का रविवार को रिजल्ट घोषित किया गया। साथ ही इंजीनियरिंग लाइन में जाने की चाह रखने वाले युवाओं की नजर कंप्यूटर स्क्रीन पर टिक गई। हर कोई अपने रिजल्ट को लेकर उत्सुक रहा। जेईई मेन्स और 12वीं कक्षा में खुद को साबित करने वाली संजोली नारंग ने जेईई एडवांस में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। संजोली अपने रिजल्ट से बेहद खुश है। डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल की प्रिंसिपल रितु दिलबागी ने बताया कि स्कूल को अपनी इस छात्रा पर गर्व है। उसने जेईई एडवांस में भी खुद को साबित किया है। संजोली नारंग के अलावा स्कूल छात्र लक्ष्य ने 11000, केतन 12223, कुनाल 28000, रितिक ने 26000 व निशा 2808 रैंक प्राप्त की।
रिसर्च में जाने का सपना
संजोली नारंग ने अमर उजाला को बताया कि वह अपने 12वीं व जेईई एडवांस के परिणाम से बेहद खुश है। यह सब उसके मम्मी-पापा और टीचर की बदौलत हुआ है। संजोली नारंग ने बताया कि वह रिसर्च लाइन में जाना चाहती है। वह मैकेनिकल इंजीनियर में आगे की पढ़ाई करेगी। उसका लक्ष्य दिल्ली व मुंबई स्थित आईआईटी में दाखिला लेने का है। उसके पिता राजेश नारंग नौकरी करते हैं, जबकि मां स्वाति नारंग गृहणी है। उसके उससे छोटे दो भाई-बहन है। वह दोनों को भी गाइड करती है। संजोली नारंग ने बताया कि उसने अपने लक्ष्य को फॉक्स रखकर एक दिशा में पढ़ाई की है।