चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शनों के लिए आईआरसीटीसी की स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन रवाना
पानीपत। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन अर्थात आईआरसीटीसी द्वारकाधीश ज्योतिर्लिंग यात्रा स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन मंगलवार को चंडीगढ़ से रवाना हुई। ट्रेन दोपहर करीब 3 बजे पानीपत स्टेशन पर पहुंची जहां से दर्जनों यात्री चारों ज्योतिर्लिंगों के दर्शनों के लिए ट्रेन में सवार हुए। यात्रा को लेकर पानीपत के यात्रियों में विशेष उत्साह रहा। यात्री मोहिंद्र सिंधवानी तथा संतोष सिंधवानी ने ट्रेन में सवार होने से पहले बताया कि आईआरसीटीसी द्वारा चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शनों के लिए शुरू की गई स्पेशल यात्रा से उन्हें सुख की अनुभूति हुई है। यह यात्रा उनके जीवन की यादगार यात्रा रहेगी।
बता दें कि आईआरसीटीसी ने द्वारकाधीश ज्योतिर्लिंग यात्रा स्पेशल ट्रेन 12 फरवरी से शुरू करने की घोषणा की थी। इस ट्रेन के माध्यम से 7 रात और 8 दिन का पैकेज निकाला गया था जो 12 फरवरी से शुरू हुआ। आईआरसीटीसी के बेहद ही किफायती 7 हजार 560 रुपये के पैकेज में यात्री ओमकारेश्वर, द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ के दर्शन कर सकेंगे। इस टूर के लिए बोर्डिंग डिबोर्डिंग प्वाइंट में चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, रेवाड़ी, अलवर और जयपुर होंगे। इस ट्रेन में सभी श्रेणी स्लीपर क्लास की होगी। इसमें मुसाफिरों का सुबह, दिन व रात का खाना भी शामिल है। इसके साथ ही स्पेशल टूर पैकेज में शुद्ध शाकाहारी खाना, टूरिस्ट बसें, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेन में एक आईआरसीटीसी अधिकारी शामिल है।
मंगलवार 19 फरवरी को वापस लोटेंगी स्पेशल ट्रेन
यात्रा पैकेज सात रात व आठ दिन का रहेगा। पहले दिन 12 फरवरी को ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, रेवाड़ी, अलवर होते हुए जयपुर पहुंचेगी। दूसरे दिन ट्रेन उज्जैन पहुंचेगी जहां महामंडलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। तीसरे दिन ओम्कारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन तथा साबरमती आश्रम के दर्शन कर ट्रेन द्वारका के लिए रवाना होगी। पांचवे दिन द्वारका मंदिर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। छठे दिन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। सातवें दिन ट्रेन जयपुर के लिए रवाना होगी और आठवें दिन ट्रेन चंडीगढ़ पहुंचेगी।