चौथी भी बेटी होगी, इस संदेह में गर्भवती महिला को पीटकर तीन बेटियों सहित घर से निकाला
-मतलौडा के उरलाना कलां में एक नशेड़ी पिता ने तीन बेटियों को स्प्रे पिलाकर मारने का किया प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मतलौडा के उरलाना कलां में एक नशेड़ी व्यक्ति ने शुक्रवार को अपनी पत्नी और तीन बेटियों को स्प्रे पिलाकर मारने की कोशिश की। वह बेटा चाहता है, इसलिए उसने गर्भवती पत्नी को भी इस संदेह में बुरी तरह से पीट दिया कि चौथी भी बेटी होगी। गर्भवती महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया है। महिला छह माह की गर्भवती है। दूसरी ओर इसी गांव को बेहतर लिंगानुपात में अवार्ड भी मिला है। डॉक्टरों ने इस घटना की सूचना मतलौडा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करनाल के आंचला की रहने वाली महिला सुनीता की शादी राकेश पुत्र धनपत निवासी उरलाना कलां के साथ 2000 में हुई थी। बताया जाता है कि राकेश नशेड़ी है। सुनीता ने बताया कि शादी के बाद से दंपति को तीन बेटियां पैदा हुईं। इसमें सात वर्षीय सकीना, चार साल की परी और एक साल की पिया भी है। सुनीता को तीन बेटियां होने से ससुराल पक्ष के लोगों में महिला के खिलाफ नफरत होने लगी। इसके बाद सास सरोज, ससुर धनपत, पति राकेश, देवर शमा व देवरानी सुमन ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। शादी के बाद पहली लड़की होते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे ताना देना शुरू कर दिया। समय के साथ महिला को एक और बेटी हुई। इसके बाद से ससुराल के लोगों ने फिर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। करीब डेढ़ साल पहले तीसरी भी बेटी हुई। अब ससुराल के लोगों ने बेटियों सहित मां को स्प्रे पिलाकर मारने की कोशिश की। इसमें पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। शुक्रवार को आरोपितों ने तीनों बेटियों व मां को पीटकर घर से निकाल दिया। इसके बाद से पानीपत सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी उसको हमेशा तीन बेटियों के होने का ताना देते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोपियों ने फिर उसके साथ मारपीट की और उसे बेटियों संग घर से निकाल दिया।
महिला मंडल सहित पुलिस को दी शिकायत, नहीं हो रही कार्रवाई
महिला ने बताया कि उसने इस उत्पीड़न के बारे में महिला मंडल करनाल सहित पुलिस को शिकायत दी है, लेकिन कहीं भी किसी तरह की सुनवाई नहीं हो रही। शुक्रवार रात को सामान्य अस्पताल मतलौडा पुलिस पहुंची, जहां उन्होंने शनिवार सुबह आने की बात कही और नहीं पहुंची।
महिला के साथ मारपीट नहीं, उसकी डिलीवरी हुई है
गांव के सरपंच कृष्ण का कहना है कि महिला सुनीता के साथ मारपीट नहीं हुई है। उसकी सामान्य अस्पताल में डिलीवरी हुई है। वह इसी वजह से वहां भर्ती है।
जिस गांव को लिंगानुपात के लिए अवार्ड, उसी में बेटियों को मारने का प्रयास
गौरतलब है कि शुक्रवार को इसी गांव के सरपंच कृष्ण को मंत्री कृष्णलाल पंवार ने गांव में लिंगानुपात में बेटियों की संख्या अधिक होने पर अवार्ड दिया था। उसी गांव में एक महिला को पीटकर सिर्फ इसलिए घर से निकाला गया, क्योंकि वो तीन बेटियों की मां थी और दह माह की गर्भवती थी। ससुराल के लोगों को आशंका थी कि चौथी भी बेटी ही होगी।
मामले की चल रही है जांच
अस्पताल से महिला के साथ मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस महिला के बयान दर्ज कर रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मबीर खर्ब, थाना प्रभारी मतलौडा