बैंक कर्मियों ने की हड़ताल, 12सौ करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ प्रभावित
हड़ताल में 42 बैंक हुुए शामिल, निजी बैंकों ने किया किनारा, लोगों ने डिजिटल माध्यम से किया लेन-देन
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर जिले में भी देखने को मिला। जिले के 42 बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी बुधवार कार्य को छोड़कर हड़ताल पर रहें। बैंक अधिकारियों और कर्मियों की हड़ताल के चलते एक दिन में करीबन 12 सौ करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ। बता दें कि वीरवार को भी बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
वहीं यूनियन बैंक स्टाफ यूनियन के तत्वावधान में बैंक कर्मियों ने संजय चौक स्थित एसबीआई मुख्य शाखा के सामने विरोध प्रदर्शन किया और इंडियन बैंक एसोसिएशन के खिलाफ नारेबाजी की। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है, वे विरोध को जारी रखेंगे। इस मौके पर यूनियन बैंक स्टाफ यूनियन प्रदेश महासचिव सीके अग्रवाल, यशपाल शर्मा, गुलशन ग्रोवर, आरपी मिगलानी, पवन सिंह, राधेश्याम भाटिया, केएल गुप्ता, अतुल जैन, हरीश, रमेश कुमार, विनोद चौहान, रणधीर पंवार, कर्ण, विजय, नरेश, अशोक, रामफल, प्रदीप, सुभाष, सुरेंद्र, रामकरण और सोनू मौजूद रहे।
क्यों कर रहे हैं हड़ताल
इंडियन बैंक एसोसिएशन ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने 2 प्रतिशत वेतन वृद्धि करने की पेशकश रखी थी। जिसका बैंक अधिकारी और कर्मचारी काफी लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। उसी के चलते बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो दिन की हड़ताल पर चले जाने का मन बना लिया। 31 मई को भी बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। 5 साल के बाद बैंक कर्मियों के वेतन में वृद्धि होती है। पिछली बार उनके वेतन में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई थी। इस बार उन्होंने वेतन में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि करने की मांग की थी, लेकिन केवल नाम-मात्र 2 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसी के चलते बैंकर दो दिन की हड़ताल पर है। निजी सेक्टर के बैंक हड़ताल में शामिल नहीं हुए।
करीब 125 करोड़ का हुआ डिजिटल लेन-देन
30 मई को बैंक हड़ताल पर रहे और जिसकी वजह से कार्य बैकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंकों के माध्यम से लोग लेन-देन नहीं कर पाए। एक अनुमान के मुताबिक जिले भर में डिजिटल तरीके से करीब 125 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ। हड़ताल की वजह से लोगों ने डिजिटल माध्यम से लेन-देन किया। वहीं लोगों ने नकदी निकालने के लिए एटीएम का सहारा लिया।
पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ यूनियन सहायक सचिव राकेश घेरा ने बताया कि काफी समय से बैंकर वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन कुछ समय पहले आईबीए ने उनके वेतन में 2 प्रतिशत की मामूली वृद्धि की है। जो कि उन्हें मंजूर नहीं है। इसी वजह से वे विरोध कर रहे हैं।
डिजिटल तरीके से करें लेन-देन : वर्मा
मुख्य अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक राकेश वर्मा ने लोगों ने अपील की है बैंक हड़ताल के दौरान लोग मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम और चेक पेमेंट का सहारा लें। लेन-देन के लिए डिजिटल तरीकों को अपनाएं।