सरकारी विभागों में मिल रहा मलेरिया का लार्वा
दो पुलिस थानों, तहसील कैंप चौकी, बिजली निगम की टंकी व बस स्टैंड के टायरों में लगातार तीसरे साल भी मिला मलेरिया का लार्वा
-स्वास्थ्य विभाग ने एक सप्ताह में सफाई कराने का दिया अल्टीमेटम, अब तक 900 स्थानों पर जिले में मिल चुका है लार्वा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जिले में एक बार डेंगू व मलेरिया का खतरा मंडराने लगा है। पिछले साल की तरह इस साल में जिले में विभिन्न स्थानों पर मलेरिया का लार्वा मिल रहा है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में टंकी, कूलर, टैंकर व टायरों की जांच की। रोडवेज वर्कशॉप परिसर में पड़े टायरों में लगातार तीसरे वर्ष भी मलेरिया का लार्वा मिला। इसके अलावा सदर थाना, किला थाना के कंटेनर में, तहसील कैंप पुलिस चौकी के कूलर में, किला बिजली सब डिवीजन के कंटेनर में, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की होदी में, स्काई लार्क पेट्रोल पंप पर पड़े टायरों में मलेरिया का लार्वा मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी विभागों को सफाई करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। अगर इसके बाद भी सफाई नहीं मिली तो इन विभागों को स्वास्थ्य विभाग 100 से 2500 रुपये तक जुर्माना व नोटिस जारी कर सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने ये पूरी रिपोर्ट डीसी सुमेधा कटारिया को सौंप दी है।
अब तक 10 हजार से अधिक स्थानों की जांच की गई
स्वास्थ्य विभाग की 7 टीमों के 16 सदस्यों ने जिले भर में अब तक 10 हजार से अधिक स्थानों का जायजा लिया है। अब तक 900 जगहों पर मलेरिया का लार्वा मिल चुका है। वीरवार को टीमों ने 2546 घरों में विजिट किया। 861 कूलरों, 1270 वाटर टैंक, 378 होदी, 3054 कंटेनर की जांच की गई है।
बस स्टैंड पर लगातार तीसरे साल मिला लार्वा : बस स्टैंड की वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारियों का हर साल मलेरिया व डेंगू का शिकार होना पड़ता है। तीन साल में रोडवेज के 12 कर्मचारी पीड़ित हो चुके हैं। हर साल बसों के खाली पड़े टायरों में पानी जमा होने से मलेरिया व डेंगू का लार्वा मिल रहा है। कर्मचारियों ने रोडवेज के आला अधिकारियों पर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया है।
टीमें लोगों को कर रहीं जागरूक
बस स्टैंड वर्कशाप में हर साल लार्वा मिलता है। इस बार पुलिस थानों में भी लार्वा मिला है। इनको सफाई करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। अगर इसके बाद भी सफाई नहीं होती तो इनको नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग की टीमें फील्ड में जाकर लोगों को डेंगू व मलेेरिया के बारे में जागरूक कर रही है।
- डॉ. शशि गर्ग, डिप्टी सिविल सर्जन
कर्मचारियों का सफाई करने की हिदायतें दी गईं
वर्कशाप में पड़े खाली टायरों की सफाई कराई जाएगी। कर्मचारियों को परिसर में सफाई रखने की भी हिदायतें दी गई है। इस बारे में जल्द अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मीटिंग भी करेंगे।
- रामकुमार, जीएम रोडवेज पानीपत।