पंचकूला। बलटाना जाने के लिए घर से निकले जीरकपुर निवासी एक व्यक्ति को ऑटो चालक और उसके साथी ने चाकू दिखाकर लूट लिया। वारदात शुक्रवार सुबह करीब 11 साढ़े बजे सेक्टर-23 बंदर घाटी क्षेत्र में हुई। पीडि़त धर्मपाल की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार धर्मपाल ने दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वे बेटे की दुकान बलटाना जाने के लिए घर से निकले थे। पहले उन्होंने एक ऑटो लिया, जिसने उन्हें जीरकपुर पुल के नीचे उतार दिया। वहां से उन्होंने एक और ऑटो लिया जिसमें एक युवक ऑटो चला रहा था और दूसरा पीछे बैठा हुआ था। धर्मपाल के अनुसा, ऑटो चालकों ने उन्हें बलटाना की बजाय बंदर घाटी, सेक्टर-23 पंचकूला की तरफ ले जाकर झाडिय़ों वाले रास्ते में रोक लिया। जब उन्होंने पूछा कि वे उन्हें कहां ले जा रहे हैं, तो पीछे बैठे युवक ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और 1600 रुपये लूट लिए। इस दौरान झड़प में उसकी पैंट भी फट गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपना ऑटो घुमाकर मौके से फरार हो गए। धर्मपाल किसी तरह झाडिय़ों से बाहर निकलकर सडक़ पर पहुंचा और राहगीर की मदद से 112 पर कॉल की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे थाना चंडीमंदिर पहुंचाया।