पंचकूला। हरियाणा पुलिस में 5600 पदों के लिए निकाली भर्ती को बिना प्रक्रिया पूरी किए रद्द कर दिए जाने के विरोध में युवाओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। सेक्टर-5 के धरना स्थल पर सैकड़ों अभ्यर्थी कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।युवाओं ने बताया कि 16 अगस्त 2024 को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस विभाग में 5600 रिक्त पदों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की थी। इनमें 4000 पुरुष कांस्टेबल, 600 महिला कांस्टेबल और 1000 इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के पद शामिल थे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आयोग ने यह भर्ती बिना किसी ठोस कारण के रद्द कर दी। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सरकार से सवाल किया कि जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद भरोसा दिलाया था कि यह भर्ती तीन माह के भीतर कराई जाएगी तो इसे रद्द क्यों किया गया? युवाओं का कहना है कि जब तक भर्ती को बहाल नहीं किया जाता, धरना जारी रहेगा।