कालका। मिल चुंगी के पास कार की टक्कर से एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल की पहचान धनवीत निवासी अप्पर मोहल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस ने बताया कि वह कसौली रोड कालका का रहने वाला है। शुक्रवार रात करीब 9: 40 बजे वह और उसका दोस्त सूर्यांश मिल चुंगी पर पेट्रोल पंप के सामने अंडों की रेहड़ी पर खड़े थे। उनका दोस्त धनवीत सड़क क्रॉस कर रहा था।
इस दौरान पिंजौर की तरफ से आ रही एक कार ने धनवीत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में धनवीत के सिर और शरीर के अन्य भागों में काफी चोटें आई। हादसे के बाद आनन-फानन में उसे कालका एसडीएच ले जाया गया। वहां से धनवीत को प्राथमिक उपचार देने के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।