यूथ अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को राज्य में जिला स्तर पर पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतले जलाए।
यूथ अकाली दल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और गांधी परिवार के साजिश के तहत डीजीपी द्वारा सिखों के खिलाफ ‘आतंकवादी’ जैसी अपमानजनक टिप्पणी की गई है। यूथ अकाली दल ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को तुरंत बर्खास्त करने की मांग भी की ।
यूथ अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने श्री मुक्तसर साहिब, अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, फरीदकोट समेत बाकी जिलों में दिनकर गुप्ता और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजारों में रोष मार्च किया और जिला प्रशासकीय कार्यालयों के आगे धरने दिए। उन्होंने डीजीपी और कांग्रेस प्रमुख के पुतले भी जलाए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूथ अकाली नेता गुरप्रताप सिंह टिक्का और तलबीर सिंह गिल ने कहा कि एक शांतिप्रिय समुदाय के खिलाफ झूठा प्रचार करने के लिए पंजाब के डीजीपी को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए जाने वाले सिख श्रद्धालुओं के बारे में यह कहकर कि वह आसानी से आतंकवादी बन सकते हैं, पंजाब के डीजीपी ने साबित कर दिया है कि वह जानबूझ कर सिखों की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके लिए लगता है कि वह 10 जनपथ दिल्ली से सीधे निर्देश हासिल करते हैं। उन्होंने दुनिया भर के सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए दिनकर गुप्ता से सार्वजनिक क्षमायाचना की मांग भी की। विभिन्न जिलों में इन रोष प्रदर्शनों का नेतृत्व यूथ नेताओं गुरदीप सिंह गोशा, अकाशदीप सिंह मिढ़ूखेड़ा, सुखदीप सिंह सुकर और तजिंदर सिंह निझर ने किया।