चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के डॉक्टर मंत्री अब किसान आंदोलन में मोर्चा संभालेंगे। पंजाब सरकार में मंत्री डॉ. बलजीत कौर, डॉ. बलबीर सिंह और डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी किसान आंदोलन में शंभू बॉर्डर पर मेडिकल कैंप लगाकर घायलों और जरूरतमंदों की मदद करेंगे। यह जानकारी पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वीरवार को कैबिनेट की बैठक में दी। मंत्री चीमा ने बताया मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवा किसान शुभकरमण की मौत का जिम्मेदार हरियाणा सरकार को ठहराया है। चीमा ने कहा सीएम मान जल्द ही आंदोलन में कुर्बान हुए युवा के परिजनों से मुलाकात करेंगे और सरकार की ओर से हर संभव मदद मुहैया कराएंगे।
मंत्री मेडिकल कैंप से ही आंदोलन पर भी रखेंगे नजर
आने वाले दिनों में शंभू बॉर्डर पर आप के तीन डाक्टर मंत्री मेडिकल कैंप से न केवल घायलाें की मदद करेंगे, बल्कि हरियाणा सरकार की ओर से किसान आंदोलनकारियों पर की जाने वाली कार्रवाई पर भी नजर रखेंगे। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स को शंभू बॉर्डर पर तैनात किया जा चुका है।