डिग्गी में रखे थे जरूरी दस्तावेज, चंडीमंदिर थाना पुलिस ने नामजद केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने सब्जी लेने के दौरान एक्टिवा चोरी करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान गांव बीड़ घग्घर निवासी मनीष के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 12 मई 2026 को वह अपनी नीले रंग की एक्टिवा पर सब्जी खरीदने गया था। जैसे ही वह एक रेहड़ी से सब्जी लेने लगा, उसी दौरान मनीष उसकी एक्टिवा लेकर फरार हो गया।
राजेश कुमार के अनुसार उसने आरोपी का पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज गति से एक्टिवा लेकर भाग निकला। एक्टिवा की डिग्गी में वाहन की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक और लोन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद न तो उसकी एक्टिवा बरामद हुई और न ही आरोपी अपने घर लौटा। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और चोरी हुई एक्टिवा की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।