सेक्टर-7 पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सड़क पर पेंट करते समय तेज रफ्तार कार ने युवक को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने अमेठी निवासी घायल नंद लाल को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल इलाज के लिए दाखिल करवाया। डॉक्टर टीम ने युवक को चंडीगढ़ सेक्टर-32 पीजीआई अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची सेक्टर-7 पुलिस ने शव को सेक्टर-6 में पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामपुर निवासी रामेश्वर ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे नंद लाल, प्रिंस और रवि दत्त पुराना पंचकूला की लाइटों पर सड़क पर पेंट कर कर रहे थे। नंद लाल झंडी लेकर वाहन को साइड करवाने का काम कर रहा था। तभी तेज रफ्तार वाहन नंद लाल को टक्कर मारकर फरार हो गया। वाहन की टक्कर की वजह से सिर, पैर और दोनों हाथों में गंभीर चोट लगने से वह बेसुध हो गया। सेक्टर-7 थाना प्रभारी राजवीर यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाइटों पर लगे सीसीटीवी कैमरे से वाहन चालक की पहचान कर खोजबीन के लिए टीमें लगा दी हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।