संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। योगा ट्रेनर महिला को ऑनलाइन पैसे कमाने का झांसा देकर 20.74 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-17 निवासी रेनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जुलाई 2023 को उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया तो उन्होंने अनेदखा कर दिया। अगले दिन फिर मैसेज आया कि नए लोगों को वह प्रमोट कर रहे हैं और इसके लिए वह अपनी डिटेल भेजें। आरोपियों ने उन्हें तीन इंस्टाग्राम पोस्ट लाइक करने को कहा और इसके बदले में पैसे मिलने के बारे में बताया। लाइक करने पर महिला के बैंक खाता में 210 रुपये आ गए। इसके बाद भी शिकायतकर्ता को पोस्ट लाइक करने पर पैसे मिलते रहे। आरोपियों ने महिला से कहा कि वे कंपनी को प्रमोट कर रहे हैं और उससे भविष्य में लाखों रुपये कमाने का मौका मिलेगा। इसके बाद आरोपियों ने महिला से 1 हजार रुपये जमा करवाए और 1620 रुपये वापस कर दिए। उसके बाद दोबारा 3 हजार रुपये जमा करवाए और 4 हजार रुपये वापस कर दिए। महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और कहे अनुसार 20.74 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा दिए। जब महिला ने पैसे वापस करने को कहा तो आरोपियों ने वापस नहीं किए और पैसे जमा करवाने के लिए कहा। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला।