संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-14 स्थित सरकारी गर्ल्स कॉलेज के पास सोमवार को तेज रफ्तार एक्सयूवी-500 गाड़ी ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया।
हालत गंभीर होने के कारण उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विनोद के अनुसार हादसे में घायल युवक की पहचान सहेब लाल उर्फ रवि के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 20 साल है। रवि सेक्टर-11 के पास झुग्गी में सैलून का काम करता है।
वह एक मई को अपनी मोटरसाइकिल पर निजी काम से जीरकपुर जा रहा था। जब वह साढ़े तीन बजे सेक्टर 12A और सेक्टर 14 के डिवाइडिंग रोड पर सरकारी गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचा तभी सामने से आ रही एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 ने उसे टक्कर मार दी। लोगों ने बताया कि वन-वे पर एक्सयूवी उल्टी दिशा में तेज रफ्तार से आई और युवक को टक्कर मार दी। इस दौरान रवि की दोनों टांगों, बाएं हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी गाड़ी चालक की पहचान विक्की भार्गव पुत्र परमेश्वर लाल निवासी हाउस नंबर 400 सेक्टर-11 पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने विनोद कुमार के बयान के आधार पर थाना सेक्टर-14 में मामल दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।