पिंजौर। चंडी मंदिर टोल प्लाजा पर भारी वाहनों के लिए टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी का लोगों ने विरोध किया है। टोल टैक्स बढ़ोत्तरी की नई दरें 31 अगस्त की रात से शुरू हो जाएंगी। भारी वाहन चालकों की पर्ची में पांच रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है, जबकि मासिक पास में 25 से 85 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की गई है। इसके साथ ही सामान्य वाहन चालकों के मासिक पास में 15 रुपये की बढ़ोत्तरी का प्रावधान है। उद्योगपतियों और अन्य लोगों का कहना है कि कोरोना काल में भारी वाहनों के टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी करने का असर आम जनमानस की जेब पर पड़ेगा। केंद्र और एनएचएआई को ऐसे समय में राहत देनी चाहिए थी, जबकि रेटों में बढ़ोत्तरी की जा रही है।
स्थानीय निवासियों के मासिक पास में नहीं होगी बढ़ोतरी
बढ़ी हुई दरों को लेकर शिवालिक विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन विजय बंसल एडवोकेट ने इसे जनविरोधी फैसला बताया है। उनका कहना है कि इसका असर आम जनमानस की जेब पर नजर आएगा। विजय बंसल ने बताया कि सामान्य और भारी वाहन चालकों की पर्ची का रेट चाहे जितना भी बढ़ जाए परंतु कालका पिंजौर समेत स्थानीय निवासियों के मासिक पास में किसी प्रकार की कोई बढ़ोतरी नही होगी। उन्होंने बताया कि पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका के माध्यम से यह आदेश पारित करवाए थे, जिसमें स्कूल बसों का मासिक पास 1000 रुपये और स्थानीय निवासियों का मासिक पास 150 रुपये ही रहेगा। विजय बंसल का कहना है कि निर्माणाधीन सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास पर भी कोई टोल प्लाजा नहीं लगाया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों समेत भारी वाहन चालकों को आसानी रहेगी। इसके साथ ही कोई आर्थिक बोझ भी नही पड़ेगा।