चंडीगढ़। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से राज्य के 479 बुजुर्गों का पता लगाया है। जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाइटी की सहायता से इन बुजुर्गों की मदद की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य के वृद्ध आश्रमों में करीब 700 बुजुर्गों को रखने की क्षमता है और जरूरतमंद बुजुर्ग इनमें शरण ले सकते हैं। बुजुर्गों की देखभाल के लिए वृद्ध आश्रमों में भोजन, स्वास्थ्य जांच, रहने-सहने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि उन्हें घर जैसा माहौल मिल सके। मंत्री ने बताया कि अमृतसर के 15 गांवों से 200, गुरदासपुर के 12 गांवों से 112, फिरोजपुर के 4 गांवों से 40, होशियारपुर के 3 गांवों से 14, कपूरथला के 7 गांवों से 34, तरनतारन के 3 गांवों से 50, बठिंडा के 2 गांवों से 9 और फाजिल्का के 3 गांवों से 20 बुजुर्गों की पहचान की गई है। उन्होंने अपील की कि अगर किसी बुजुर्ग को किसी प्रकार की परेशानी हो रही है तो वह अपने परिवार के सदस्यों सहित अस्थायी रूप से वृद्ध आश्रमों में रह सकते हैं।