पंचकूला। नगर निगम ने हर सेक्टर में वर्षों पुराने मलबे एवं कचरे को उठाने का कार्य शुरू कर दिया। शनिवार को महापौर कुलभूषण गोयल एवं नगर निगम आयुक्त आरके सिंह व सैनिटेशन कमेटी की वाइस चेयरमैन पार्षद उषा रानी ने इसका शुभारंभ किया। पहले दिन सेक्टर-5 में अभियान चलाकर 5 जेसीबी से 15 ट्राॅलियों में मलबा उठवाकर फेंकवाया गया।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि वर्षों से वार्डों में जमा पड़े कचरे, मलबे और बागवानी वेस्ट को हटाने के लिए विशेष अभियान शुरु किया गया। इस कार्य के लिए 40 ट्रैक्टर-ट्राॅली, 10 जेसीबी (बैकहो लोडर) और 160 हेल्पर तैनात किए जा रहे हैं। कुछ मशीनरी आ चुकी है और सोमवार तक पूरी मशीनरी आने के बाद हर सेक्टर में सफाई होगी। एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि वह हर वार्ड में जाकर कचरा और मलबा साफ करें। पार्षदों, सहायक स्वच्छता निरीक्षकों (एएसआई), मुख्य स्वच्छता निरीक्षक (सीएसआई) या निगम आयुक्त द्वारा अधिकृत किसी भी अधिकारी के निर्देश पर कूड़ा-करकट और गार्डन वेस्ट को ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी की मदद से हटाना होगा।