संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सर्व शिक्षा अभियान (समग्र शिक्षा) के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर वीरवार को सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उसके बाद पांच लोगों के शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री आवास पर ओएसडी भुवनेश्वर दयाल से मिलवाया गया। उन्हें मांगों के बारे में अवगत करवाया गया। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनका हक दिया जाएगा।
इंस्ट्रक्टर ने उन्हें बताया कि सरकार द्वारा जीसी बैठक में साफ लिखा है कि विभाग द्वारा लगाए गए सभी कर्मचारियों को बाई लॉज में शामिल किया जाए। पिछले सात दिनों से इंस्ट्रक्टर अपनी मांगों को लेकर सेक्टर-5 धरना स्थल पर बैठे हैं। वर्क एजुकेशन इंस्ट्रक्टर अपनी मांगों को लेकर पिछले कई सालों से प्रयास कर रहे हैं की उन्हें उनके अधिकार दिए जाएं। वर्क एजुकेशन इंस्ट्रक्टर की ही एक पोस्ट ऐसी है जिसका मानदेय पिछले 9 सालों में 10000 से 15000 रुपये किया गया है। परिषद में सीधे तौर में लगे होने के बाद भी आज तक परिषद द्वारा बनाए गए बाई लॉज 2013 में अभी तक उन्हें कवर नहीं किया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की एसएसए की 7वीं सामान्य परिषद की बैठक में यह स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि जो भी कर्मचारी सीधे तौर पर परिषद के लिए आवंटित किए गए हैं। वे लॉज 2013 में शामिल होंगे। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें मूल वेतन 44900 रुपये दिया जाए। वीरवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से 366 इंस्ट्रक्टर पंचकूला पहुंचे थे। विभिन्न राजकीय विद्यालयों में 366 वर्क एजुकेशन इंस्ट्रक्टर कार्यरत हैं। जिसमें संगीत गायन, तबला वादक, नृत्य, आर्ट एवं क्राफ्ट और ड्रामा इत्यादि पद शामिल है। प्रदर्शन की अध्यक्षता रजत, परमजी, अभिषेक, सुनील, धर्मवीर, अनिल और संगीता ने की।