संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और सीआईडी ने महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय पिंजौर में दबिश दी। इस दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, सीआईडी की टीम में मौजूद अधिकारियों ने स्टॉफ और उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। इसके अलावा कार्यालय से संबंधित अन्य रिकाॅर्ड भी खंगाले। इस मौके पर इंस्पेक्टर प्रवीन आर्य, सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट विशाल सैनी सहित सीआईडी से एएसआई सुरेंद्र, हितेश आदि मौजूद रहे।
यह टीम सुबह करीब सवा 10 बजे पिंजौर की अबदुल्लापुर काॅलोनी में स्थिति महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में पहुंची। यहां ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो 6 में से 3 कर्मचारी छुट्टी पर मिले। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास अधिकारी आरू वशिष्ठ एक सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में गई हुई थी। इस कार्यक्रम के बाद वह कार्यालय में पहुंचीं।
इस दौरान टीम ने आंगनबाड़ी में वितरित होने वाली खाद्य सामग्री का स्टॉक रजिस्टर भी चेक किया। इसके अनुसार दिसंबर, 23 में 233 क्विंटल चीनी पंचकूला से प्राप्त होने पर पिंजौर ब्लॉक के सभी 8 सर्कल में वितरित की जा चुकी है। महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यालय में स्टॉफ की कमी है।
बता दें कि 27 फरवरी को भी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता एवं सीआईडी विभाग ने पिंजौर के एक गांव में एक सरकारी डिपो पर छापेमारी की थी। इसके छह दिन बाद सोमवार को टीम पिंजौर पहुंची। इसके अलावा खाद्य सामग्री के स्टॉक रजिस्टर सहित आंगनबाड़ी की लिस्ट भी चेक की। यह कार्रवाई देखकर प्रतीत हो रहा है कि जल्द ही अधिकारी विभिन्न आंगनबाड़ियों में पहुंचकर खाद्य सामग्री का स्टॉक चेक करेंगे।