विश्वकर्मा कॉलोनी में घटना, गली में लावारिस कुत्तों से लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित गोगा माड़ी के पास गली से गुजर रही एक महिला कुत्तों के पीछे दौड़ने से बचते हुए गिरकर घायल हो गई। गनीमत रही कि कुत्तों ने उसे काटा नहीं, लेकिन डर के कारण भागते समय गिरने से उसे चोटें आईं।
महिला के पति अखिल ने बताया कि उनकी पत्नी किसी काम से घर से निकली थी। जैसे ही वह गोगा माड़ी के पास गली में पहुंची तो कुत्ते भौंकने लगे। डर के कारण वह भागने लगी तो कुत्ते उसके पीछे दौड़ पड़े।
उन्होंने बताया कि कई मीटर तक कुत्ते पीछा करते रहे, जिससे घबराकर उनकी पत्नी गली में गिर गई। इसके बाद कुत्ते वहां से चले गए। हालांकि कुत्तों ने काटा नहीं, लेकिन गिरने से महिला को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में लावारिस कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगर परिषद कालका से समस्या का समाधान कर लोगों को राहत देने की मांग की है।