संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। चंडीमंदिर रेलवे लाइन के पास शनिवार को घायल अवस्था में मिली महिला ने नागरिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। आधार कार्ड के अनुसार उसका नाम सरबजीत कौर है। उसके परिजनों को अभी कोई पता नहीं लग पाया है। जीआरपी के जांच अधिकारी के अनुसार उसके सिर में चोट का निशान है। आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से वह चोटिल हुई। शव को नागरिक अस्पताल के शवग्रह में रखवा दिया गया है।
जीआरपी के अनुसार शनिवार को एक महिला घायल अवस्था में चंडीमंदिर रेलवे लाइन के पास मिली थी। उसके सिर पर चोट के निशान थे। उसे सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया जा रहा था। इस दौरान महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के पास से आधार कार्ड और बैंक की पासबुक मिली थी। उस पर उसका नाम सरबजीत कौर और घर का पता डेराबस्सी (पंजाब) लिखा था।
जीआरपी ने उक्त पते और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही डेराबस्सी और जीरकपुर थाने में भी सूचना दी गई। महिला के परिजनों का कुछ पता नहीं लग पाया है। रंधीर सिंह जांच अधिकारी जीआरपी का कहना है कि मोर्चरी में शव को 72 घंटे के लिए रखवाया है। शव के सर पर घाव है। आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई होगी। उसके परिजनों की कोई जानकारी नहीं मिली है।