पंचकूला। सेक्टर-17 स्थित सोसाइटी में कब्जा करने के मामले में एक महिला और उसके जानकारों से मारपीट का मामला सेक्टर-14 पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-17 निवासी गुरप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सोसाइटी के कुछ लोगों ने मिलकर ग्रिल को काटकर वहां पर गेट बनाकर उसका इस्तेमाल करने लगे। इसके अलावा छत पर अवैध कब्जा भी कुछ लोगों ने किया था। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अधिकारी से की। अधिकारी ने सोसाइटी के लोगों को अवैध कब्जा हटाने, ग्रिल को तोड़कर गेट बंद करने को कहा। इस पर कब्जा करने वालों ने नाराजगी जाहिर कर 7 जून को महिला और उनके जानकारों के साथ मारपीट की।
महिला ने इसकी वीडियो भी बनाई तो कब्जाधारियों ने उनसे मोबाइल फोन छीनकर उसे तोड़ दिया। इसके बाद सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर से फुटेज भी हटा दी गई। महिला ने मामले की शिकायत सेक्टर-16 पुलिस चौकी में दी। पुलिस चौकी में डीडीआर दर्ज कर मामला एसीपी कोर्ट में चला गया। वहां पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता महिला ने मामले की शिकायत डीजीपी को दी, लेकिन वहां भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शिकायतकर्ता कोर्ट पहुंची। कोर्ट के आदेशों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।