संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-4 निवासी एक व्यक्ति के नाम से फर्जी तरीके से बैंक में खाता खुलवाकर क्रेडिट कार्ड लेने का मामला सामने आया है। क्रेडिट कार्ड से 3.50 लाख रुपये की शॉपिंग भी की गई है। बैंक से फोन आने पर धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। सेक्टर-4 निवासी कुणाल जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे रेलवे को लोहे की पुर्जे सप्लाई करते हैं। 7 अगस्त को वे घर पर थे। उसी दौरान उनको कोटक महिंद्रा बैंक से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उनके 3.50 लाख रुपये की क्रेडिट कार्ड की पेमेंट पेंडिंग है। आपने अब तक जमा नहीं करवाया है। शिकायतकर्ता ने बैंक कर्मचारी से कहा कि उन्होंने कोई क्रेडिट कार्ड नहीं लिया है। इसके अलावा पेमेंट जमा करवाने से भी मना कर दिया।
बैंक में जाकर फर्जीवाड़े का पता चला
इसके बाद शिकायतकर्ता सेक्टर-11 कोटक महिंद्रा बैंक गया। अपना पैन नंबर देकर पता किया तो उनको बताया गया कि उनके नाम पर सेविंग अकाउंट खोलकर एक क्रेडिट कार्ड जारी हुआ है। उस क्रेडिट कार्ड पर करीब 3.50 लाख रुपये की पेमेंट पेंडिंग है। शिकायतकर्ता ने हस्ताक्षर दिए तो कहा गया कि आपके हस्ताक्षर मैच नहीं हो रहे हैं। घर का पता और फोटो भी मैच नहीं हो रही है। शिकायतकर्ता ने बैंक कर्मचारी से कहा कि उन्होंने बिना वेरिफिकेशन किए उनके नाम से खाता कैसे खोल दिया तो उन्होंने कहा कि आपका जहां भी खाता खोला गया है, वहां जाकर पता कीजिए। उन्होंने अपना सिबिल स्कोर चेक किया तो उनका सिबिल स्कोर भी काफी कम आया। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई।