पंचकूला। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 30.34 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार राजस्थान निवासी सलमा बेगम को जिला अदालत से राहत नहीं मिली। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी जुलाई 2026 से जेल में बंद है।
सेक्टर-15 निवासी महिला ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दी थी कि फेसबुक पर निवेश का विज्ञापन देखकर उसने रकम लगानी शुरू की। इसके बाद उसे व्हाट्सएप समूह में जोड़कर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। मुनाफे का भरोसा देकर ठगी की गई। रकम निकालने पर अतिरिक्त शुल्क मांगा गया और बाद में खाता फ्रीज कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे 30,34,600 रुपये ठगे गए।
सरकारी वकील पवन बिश्नोई ने अदालत को बताया कि जांच में सामने आया कि सलमा ने अपने जेठ मोहसीन के साथ मिलकर रायल ब्यूटी पार्लर के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था। इसमें ठगी के 3,80,600 रुपये जमा हुए। जांच में इस नाम का कोई वास्तविक पार्लर नहीं मिला। खाते से संबंधित अलग-अलग राज्यों में 16 शिकायतें भी दर्ज मिलीं।