पंचकूला। सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले चार आरोपियों ने अपने सहयोगी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी कर 31.75 लाख रुपये खाते से उड़ा दिए। व्यक्ति की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी ईश्वर सिंह नैन, रोहताश ढिल्लो, अनिल कुमार नैन और राजपाल शर्मा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकयत में अजय संधू निवासी गांव कोथकलां तहसील नारनौंद जिला हिसार ने बताया कि वह मैसर्ज संधू सिक्योरिटी सर्विस कैथल रोड जींद में पार्टनर हैं। चारों आरोपियों ने उनके एक्सिस बैंक के खाते के चेक पर फर्जी साइन कर 31.75 लाख रुपये निकाल लिए हैं। सिक्योरिटी कंपनी 50 फीसदी हिस्सेदारी पर रजिस्टर्ड करवाई थी। अजय संधू ने आरोप लगाया कि इसमें बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण 25 चेक के माध्यम से आरोपियों ने पैसे निकाले हैं। चेक पर कंपनी की नकली मोहर भी लगाई थी। सेक्टर-5 थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।