रायपुररानी। यमुनानगर जिले के गांव पौंटी की निवासी रजनी ने तीन नवंबर को हुए सड़क हादसे में अपने पति निर्मल की मौत के बाद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ थाना रायपुररानी में शिकायत दर्ज कराई है।
रजनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति और दो बच्चों के साथ भैया दूज मनाने के लिए गांव गढ़ी कोटाहा जा रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पति निर्मल को सिर में गंभीर चोटें आईं और छोटी बेटी कुशाली के पैर में भी चोटें आईं।
यह हादसा गढ़ी कोटाहा की ओर मुड़ते वक्त हुआ था, जब उनका परिवार फिरोजपुर मोड़ को पार करके सोनू ढाबा के पास पहुंचा था। अचानक एक तेज वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद, राहगीरों ने घायल परिवार को सीएचसी रायपुररानी भेजा था, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देकर पंचकूला के नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। नागरिक अस्पताल ने रजनी के पति निर्मल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेजा था, जहां 5 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मृतक के जीजा कमल से संपर्क किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने रजनी का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने वाहन और चालक की पहचान नहीं की। वही पुलिस ने रजनी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।