प्रशासन ने आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर जारी किया, पुलिस ने नाकों पर की चेकिंग
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। बॉर्डर पर हालात सुधरने के बाद पंचकूला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि प्रशासन ने पाबंदियां पहले ही हटा दी थीं। रविवार को आपात स्थिति को ध्यान में रखते प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0172-2566262 भी जारी किया है, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं पाबंदी हटने के दूसरे दिन रविवार को पंचकूला के बाजार गुलजार रहे, लेकिन सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहीं।
रात के समय सेक्टर -10, 11, 12, 14, 15 सहित सभी जगह अंधेरा छाया रहा। रात में लोगों ने भी एहतियातन घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर बिजली बंद रखी। डीसी मोनिका गुप्ता ने लोगों से राशन का अवैध भंडारण न करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत से ज्यादा तेल और खाद्य समाग्री के भंडारण पर प्रतिबंध लगा दिया। अगर जरूरत से ज्यादा तेल और खाद्य सामग्री किसी भी दुकानदार के पास पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस ने रविवार को शहर के सभी नाकों पर गाड़ियों की चेकिंग की।
पंचकूला जिला उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि पंचकूला नागरिक आपातकालीन स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर-0172-2566262 का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा डायल 112 पर भी सूचना दे सकते हैं। साथ ही पंचकूला सिविल सोसाइटी नाम से प्रशासन ने ग्रुप बनाया है। रेड अलर्ट की स्थिति में सायरन बजाया जाएगा। पंचकूला जिला उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जिला पूरी तरह सुरक्षित है। शहर में लगातार पुलिस चेकिंग कर रही है। सभी जगह पर बॉडी कैमरा सहित कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। सभी बाजारों में पुलिस गश्त की जा रही है।
पटाखे जलाने और लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध जारी
पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक ने बताया कि वर्तमान हालात के मद्देनजर निर्णय लिया है कि आगामी आदेशों तक जिले में पटाखे जलाने व लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि हालात को देखते हुए लोग प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी जगह गश्त कर रही है।