फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में पहले दिन 374 लोगों को लगा टीका, जीएमएसएच- 16 व पीजीआई में शत प्रतिशत टीकाकरण

Sun, 17 Jan 2021 02:29 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना टीकाकरण के बाद स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जीएमसीएच-32 की डायरेक्टर प्रिंसिपल जसबिंदर कौर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कोरोना टीकाकरण का महाअभियान शनिवार को शुरू हो गया। पांच टीकाकरण केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 500 कर्मचारी पंजीकृत किए गए थे, जिनमें से 374 को टीका लगाया गया। इनमें जीएमएसएच-16 और पीजीआई में पंजीकृत सभी 100 कर्मचारियों ने टीकाकरण कराया जबकि जीएमसीएच 32 के दो केंद्रों पर क्रमश: 45 और 50 और सेक्टर-45 के सिविल अस्पताल में बनाए गए केंद्र पर 70 कर्मचारियों का टीकाकरण किया गया।

विज्ञापन


पीजीआई में नौ अतिरिक्त लोगों का भी टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के दौरान इक्का-दुक्का लोगों को छोटी-मोटी परेशानी हुई लेकिन कहीं से कोई बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। पहले दिन जिन 374 लोगों का टीकाकरण किया गया, उन्हें अगली खुराक 14 फरवरी को दी जाएगी।

पीजीआई के टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेंद्र पांडव ने बताया कि शुक्रवार को भारत सरकार के टीकाकरण पोर्टल के सुचारु रूप से काम न करने के कारण उन्होंने कुछ लोगों को मैनुअल मैसेज भी भेजा था ताकि किसी भी तरह लाभार्थियों की संख्या कम न होने पाए। चिह्नित किए गए 100 लोगों तक हमने मैसेज पहुंचा दिया था। शनिवार को टीकाकरण केंद्र पर वह लोग भी पहुंच गए जिन्हें मैनुअल संदेश भेजा गया था इसलिए यह संख्या 100 से ज्यादा हो गई।

विज्ञापन

अभियान के अंतर्गत पहले दिन की टीकाकरण प्रक्रिया सकुशल संपन्न हो जाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों समेत पीजीआई और जीएमसीएच-32 के भी डॉक्टरों ने राहत की सांस ली। शाम पांच बजे जैसे ही सत्र समाप्त हुआ, अधिकारियों ने एक दूसरे को बधाई देकर ईश्वर का धन्यवाद किया।

सवा ग्यारह बजे शुरू हुआ टीकाकरण अभियान

शहर में बनाए गए पांचों केंद्रों पर सुबह सवा ग्यारह बजे टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। जीएमएसएच-16 में सफाई कर्मचारी अरुण, सेक्टर-45 स्थित सिविल अस्पताल में सफाई कर्मचारी शिवानी, पीजीआई में बालरोग विशेषज्ञ डॉ. मनजिंदर सिंह और जीएमसीएच-32 के पहले केंद्र में डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जसविंदर कौर और दूसरे केंद्र में हॉस्पिटल अटेंडेंट मुरारी को पहला टीका लगाया गया।

पहले दिन दो महिला निदेशकों ने लगवाया टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत चिकित्सा क्षेत्र की दो महिला निदेशकों ने टीकाकरण कराकर यह साबित कर दिया कि कोरोना के खिलाफ जंग में वह अपनी जिम्मेदारी को बखूबी अंजाम दे रही हैं। इनमें स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग और जीएमसीएच-32 की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉक्टर जसविंदर कौर शामिल हैं। दोनों ही निदेशकों का कहना है कि नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने आगे आकर अपने सहयोगियों को सकारात्मक ऊर्जा देने का प्रयास किया है और वे इसमें काफी हद तक सफल रही हैं।

किस केंद्र पर कितने लोगों का टीकाकरण
  • पीजीआई - 109
  • जीएमएसएच-16 - 100
  • जीएमसीएच-32 के दो केंद्रों पर क्रमश: - 45 और 50
  • सिविल अस्पताल-45 - 70
विज्ञापन

तीन लोगों को हुई मामूली परेशानी

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना टीकाकरण महाअभियान के पहले दिन हुए 374 लोगों के टीकाकरण के बाद तीन लाभार्थियों ने मामूली परेशानी की शिकायत की हालांकि इसके लिए उन्हें विशेषज्ञ के परामर्श की जरूरत नहीं पड़ी। जीएमएसएच-16, पीजीआई, जीएमसीएच-32 और सेक्टर-45 में बनाए गए केंद्रों से कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

दो केंद्रों से हुआ सजीव प्रसारण
जीएमएसएच-16 और सेक्टर-45 में बनाए गए टीकाकरण केंद्र से सीधा प्रसारण (वेब कास्ट) किया गया। टीकाकरण के दौरान की पल-पल की गतिविधि वेब कास्ट के जरिए ऑनलाइन की गई। वहीं, इन टीकाकरण केंद्रों पर लगाए गए टेलीविजन पर देश के अन्य केंद्रों से हो रहे वेबकास्ट को भी देखा गया।

अब मंगलवार को लगेगा टीका
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब अगला सत्र मंगलवार को चलेगा। स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर अमनदीप कंग ने बताया कि रविवार को टीकाकरण नहीं होगा। हफ्ते में चार दिन ही सत्र चलाना है। इसके अंतर्गत सोमवार को प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को अगला सत्र आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार टीकाकरण का पोर्टल ठीक से काम न करने के कारण टीकाकरण के बाद लाभार्थियों की सूची अपलोड करने में कर्मचारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

जीएमसीएच-32 में दो केंद्र बने थे इसलिए कर्मचारी बंट गए : जसबिंदर कौर
जीएमसीएच-32 में दोनों केंद्रों पर टीकाकरण के लिए कम संख्या में कर्मचारियों के पहुंचने पर डायरेक्टर प्रिंसिपल जसबिंदर कौर ने कहा कि हर जगह एक केंद्र था, लेकिन जीएमसीएच-32 में 2 केंद्र बनाए गए थे। चूंकि पीजीआई में कर्मचारियों की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में जीएमसीएच-32 की दो अलग-अलग संख्या न जोड़कर कुल 95 लोगों का टीकाकरण देखा जाए। जो लोग रह गए हैं उन्हें अगले क्रम में इस अभियान में शामिल कर लेंगे।
 
चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 374 फ्रंट लाइन वॉरियर्स को टीका लगाया गया। यह एक अच्छी शुरुआत है। टीकाकरण का अभियान जारी रहेगा। - मनोज परिदा, सलाहकार, यूटी प्रशासक ।
 
आज का दिन केवल भारत के लिए नहीं पूरे विश्व के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया है। अब हम करोना को खत्म करने में निश्चित तौर पर सफल होंगे। इसकी शुरुआत हो गई है। इस महाअभियान में देश की शत प्रतिशत आबादी का टीकाकरण होगा। - प्रो. जगतराम, निदेशक, पीजीआई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें