संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी के तहत जिले के गांव जोधपुर रोमाणा व नरूआना की 884 एकड़ जमीन लेने संबंधी एलान का शिरोमणि अकाली दल (शिअद) लगातार विरोध कर रहा है। सोमवार को शिअद के नेताओं एवं वर्करों ने आप सरकार के खिलाफ सर्किट हाउस के बाहर धरना दिया।
विरोध प्रदर्शन में पहुंचे शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उक्त स्कीम के तहत आप सरकार को एक इंच भी जगह नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि उक्त स्कीम से किसानों की जमीन हड़प करके पंजाब के मुख्यमंत्री अपने चहेते भूमाफिया को देना चाहते हैं। बादल ने धरने में शामिल पार्टी वर्करों एवं आम लोगों से आग्रह किया कि वे गांव-गांव में बोर्ड लगा दें कि झाड़ू वालों का गांव में दाखिल होना मना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान ने पंजाब सरकार को अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया व सतेंद्र जैन के हवाले कर दिया है। आप सरकार के राज में पंजाब बर्बादी की तरफ बढ़ रहा है।
पूर्व मंत्री मलूका की तबीयत बिगड़ी
वहीं, धरने में पहुंचे पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की अचानक तबीयत खराब हो गई। जब वे मीडिया से बात करने लगे तो उन्हें घबराहट महसूस हुई। जैसे ही डन्होंने पानी पीया तो नीचे गिरने लगे। इसी दौरान साथ में खड़े वर्करों ने मलूका को अपने कंधों पर उठाया और गाड़ी तक ले गए। इसके बाद मलूका को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों के अनुसार ब्लड प्रेशर कम होने कारण उनकी तबीयत बिगड़ी थी।