जसवंतगढ़ के पास लंबे समय से खड़ा पानी, एजेंसी पर सुधार की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। गांव बिल्ला से कोट जाने वाली सड़क पर जसवंतगढ़ के नजदीक पाइपलाइन लीकेज के कारण लंबे समय से सड़क पर पानी जमा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुरुआत में लोगों को लगा कि यह गांव का गंदा पानी है, लेकिन जांच में सामने आया कि यह जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपलाइन से हो रहा रिसाव है। लोगों ने इस बारे में नलकूप ऑपरेटर को अवगत कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
जन स्वास्थ्य विभाग के जेई इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि संबंधित नलकूप उनके विभाग के अधीन नहीं है, बल्कि किसी अन्य एजेंसी द्वारा स्थापित किया गया है और वही इसकी देखरेख कर रही है। उन्होंने कहा कि एजेंसी को रिसाव ठीक करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
कोट
लीकेज की जानकारी कई बार एजेंसी को दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
- उत्तम अटवाल, नलकूप ऑपरेटर
कोट
जल्द ही लीकेज ठीक करवा दिया जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छ जल मिल सके।
-रविंद्र कुमार, सुपरवाइजर