मोरनी। गांव भूडी में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गांव में पानी की आपूर्ति के लिए उपयोग होने वाला बूस्टर खराब होने से लगभग 200 घरों में पीने के पानी की भारी किल्लत हो रही है। स्थानीय निवासी प्रवीण ने बताया कि बूस्टर की मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस समस्या की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बूस्टर की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के कारण न केवल पीने के पानी की कमी हो रही है, बल्कि दैनिक कार्यों जैसे खाना बनाने, नहाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए भी पानी जुटाना चुनौती बन गया है। कई परिवारों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।